बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के छतारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नारऊ गांव में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के छतारी थाना क्षेत्र अंतर्गत नारऊ गांव में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घर के बरामदे में सो रहे 63 वर्षीय किसान की अज्ञात हमलावरों ने चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। आधी रात को हुई इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नारऊ गांव निवासी आनंद स्वरूप शर्मा 63 वर्ष, पुत्र तोताराम अपने छोटे भाई की पत्नी संतोष देवी के साथ गांव में स्थित मकान में रहते थे। शुक्रवार रात आनंद स्वरूप घर के बाहरी बरामदे में सो रहे थे, जबकि उनकी भावज अंदर कमरे में सो रही थीं। देर रात करीब एक बजे अचानक आनंद स्वरूप की चीख सुनाई दी। आवाज सुनकर जब संतोष देवी बाहर आईं, तो आनंद स्वरूप जमीन पर लहूलुहान हालत में पड़े थे और उनके शरीर पर चाकुओं से गोदे जाने के गहरे निशान थे।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अंतरिक्ष जैन और सीओ डिबाई मधुप कुमार सिंह भी डिबाई तथा पहासू थाने की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
रंजिश की आशंका, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आपसी या रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान और सुराग जुटाने के लिए आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बुलंदशहर: ड्रैगन फ्रूट की खेती से किसान की चमकी किस्मत, 10 लाख के निवेश से हर साल लाखों की कमाई
— Voice of News 24 (@VOfnews24) August 7, 2026












