बिजुआ/गोला
उत्तर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने खीरी जनपद के बिजुआ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकटिहा का तूफानी दौरा किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने खीरी जनपद के बिजुआ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिकटिहा का तूफानी दौरा किया। यहाँ घाघरा/शारदा नदी के तट पर करीब ₹4 करोड़ की भारी-भरकम लागत से चल रही कटान रोकथाम परियोजना का उन्होंने बारीकी से स्थलीय निरीक्षण किया। मंत्री ने जहां एक ओर बाढ़ खंड के तकनीकी कार्यों की गुणवत्ता की सराहना की, वहीं दूसरी ओर पानी की टंकी पर मिली बड़ी लापरवाही को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर मौजूद कर्मचारियों को पुलिस के हवाले कर दिया।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का जायजा लेते हुए जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि यह इलाका दशकों से बाढ़ और नदी की विनाशकारी कटान की त्रासदी झेल रहा है। हर साल बरसात में किसानों की कीमती उपजाऊ भूमि और ग्रामीणों के आशियाने नदी में विलीन हो जाते थे।
उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले इस संवेदनशील क्षेत्र में कटान रोकने के लिए कोई ठोस योजना नहीं थी। भाजपा सरकार आने के बाद से लगातार करोड़ों रुपये के बजट से परियोजनाएं लाकर जनता को इस प्राकृतिक आपदा से स्थायी मुक्ति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को दो टूक हिदायत दी कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
परियोजना के निरीक्षण के बाद जल मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने सिकटिहा गांव में जल जीवन मिशन के तहत बनी पानी की टंकी का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टंकी परिसर से कुछ आवश्यक तकनीकी उपकरण और सामान मौके पर गायब मिले। इस बड़ी लापरवाही को देख मंत्री का पारा चढ़ गया। उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर तैनात कर्मचारियों को तत्काल पुलिस के हवाले करने का फरमान सुना दिया। इसके बाद भीरा पुलिस ने कर्मचारियों को हिरासत में ले लिया, हालांकि मंत्री जी के प्रस्थान करने से पहले उनके निर्देश पर पुलिस ने कड़ी चेतावनी और दोबारा गलती न करने की सख्त हिदायत देकर कर्मचारियों को मुचलके पर छोड़ दिया।
इस हाई-प्रोफाइल निरीक्षण के दौरान लखीमपुर खीरी के जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, गोला विधानसभा क्षेत्र के क्षेत्रीय विधायक अमन गिरी, निघासन के विधायक शशांक वर्मा और एसडीएम गोला युगांतर त्रिपाठी मुख्य रूप से मौजूद रहे। इसके अलावा तकनीकी विंग से बाढ़ खंड के अधीक्षण अभियंता अनिल कुमार निरंजन, अधिशासी अभियंता अजय कुमार, भीरा थानाध्यक्ष अमित पाण्डेय और पड़रिया चौकी प्रभारी अभिषेक सिंह सहित भारी पुलिस बल और विभागीय अधिकारी ग्राउंड जीरो पर मुस्तैद रहे।
उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के होनहार युवा वैज्ञानिक और ड्रोन इनोवेटर राहुल सिंह का लखनऊ के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया है। राहुल सिंह सिसवा नगर पालिका के इंदिरा नगर वार्ड के निवासी थे।
बैटरी से चलने वाला अनूठा ट्रैक्टर बनाकर देश-प्रदेश में pic.twitter.com/mIXLRUHQTC— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 15, 2026












