शोहरतगढ़
सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पकड़ी चौराहे से मस्जिदिया-पिपरी होते हुए देवकलीगंज व सहजनवा तक जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग की बदहाली को लेकर होने वाला धरना-प्रदर्शन फिलहाल टल गया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पकड़ी चौराहे से मस्जिदिया-पिपरी होते हुए देवकलीगंज व सहजनवा तक जाने वाले प्रमुख संपर्क मार्ग की बदहाली को लेकर होने वाला धरना-प्रदर्शन फिलहाल टल गया है। निर्माण कार्य के ठेकेदार अजय कुमार सिंह द्वारा 14 जुलाई से काम शुरू कराने का लिखित/मौखिक भरोसा दिए जाने के बाद, समाजसेवी एवं अपना दल (एस) शिक्षा मंच के प्रदेश सचिव अनिल चौधरी की अगुवाई में होने वाले इस आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
दरअसल, सड़क निर्माण का टेंडर और बांड स्वीकृत होने के बावजूद काम शुरू न होने से नाराज अनिल चौधरी ने 13 जुलाई 2026 को मौके पर धरना देकर संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने का एलान किया था।
यह प्रमुख संपर्क मार्ग क्षेत्र के दर्जनों गांवों की जीवनरेखा माना जाता है, जो पिछले करीब दो वर्षों से बेहद बदहाल और जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे, जलभराव और कीचड़ के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, किसानों और व्यापारियों को रोजाना भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि हल्की बारिश होते ही पूरी सड़क तालाब का रूप ले लेती है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेसर्स सिंह ट्रेडर्स के प्रोपराइटर व ठेकेदार अजय कुमार सिंह को इस सड़क निर्माण कार्य का बांड 27 मार्च 2026 को ही स्वीकृत हो चुका था। इसके बावजूद विभिन्न कारणों से अब तक जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हो सका था, जिसे लेकर क्षेत्रीय जनता में भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने कई बार जनप्रतिनिधियों और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
नाली न होने से पकड़ी चौराहे पर बढ़ी मुसीबत
ग्रामीणों के अनुसार, विशेष रूप से पकड़ी चौराहे के समीप नाली का निर्माण न होने के कारण बरसात का पानी सड़क पर ही जमा रहता है। इससे सड़क पर भयंकर फिसलन हो जाती है और आए दिन दोपहिया वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इस बदहाली के कारण आपातकाल में मरीजों को अस्पताल ले जाने और छात्रों को स्कूल जाने के लिए कई किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
समय पर काम शुरू नहीं हुआ तो फिर होगा आंदोलन
क्षेत्रवासियों और आंदोलन की अगुवाई कर रहे अनिल चौधरी ने जिला प्रशासन व लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि पकड़ी चौराहे पर नाली निर्माण के साथ सड़क का काम तत्काल चालू कराया जाए। अब पूरी जनता की निगाहें ठेकेदार के आश्वासन पर टिकी हैं। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 14 जुलाई से कार्य प्रारंभ नहीं हुआ, तो वे दोबारा उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: दो दिनों में 363 पीसीएस अधिकारियों का तबादला; मुख्यमंत्री के निर्देश पर जारी हुई दूसरी सूचीhttps://t.co/8XmkC1A57i
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 13, 2026













