बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के थाना खुर्जा नगर पुलिस ने बीते दिनों अशोक वाटिका में हुई सनसनीखेज कमल हत्याकांड का महज कुछ ही दिनों के भीतर सफल पर्दाफाश कर दिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के थाना खुर्जा नगर पुलिस ने बीते दिनों अशोक वाटिका में हुई सनसनीखेज कमल हत्याकांड का महज कुछ ही दिनों के भीतर सफल पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या की वारदात को अंजाम देने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जो कोई और नहीं बल्कि मृतक का ही दोस्त निकला। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट (आलाकत्ल) और घटना के वक्त पहनी गई खून से सनी शर्ट भी बरामद कर ली है।
अशोक वाटिका में मिला था सिर कुचला शव
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीते 22 जून 2026 को खुर्जा नगर क्षेत्र के अंतर्गत अशोक वाटिका में एक अज्ञात व्यक्ति का लहूलुहान शव बरामद हुआ था, जिसके सिर पर भारी वस्तु से प्रहार के गहरे निशान थे। पुलिस की तफ्तीश में मृतक की पहचान कमल (पुत्र रजुआ), निवासी ग्राम नंगला शेखू, थाना खुर्जा देहात के रूप में हुई थी।
शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खुर्जा नगर में मुकदमा अपराध संख्या 663/2026, धारा 103(1)/238 बीएनएस (BNS) के तहत हत्या का मामला पंजीकृत किया गया था। एसएसपी के निर्देश पर घटना के शीघ्र अनावरण के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर दबोचा गया हत्यारा
थाना खुर्जा नगर पुलिस को बुधवार को एक पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली कि हत्याकांड का आरोपी कहीं भागने की फिराक में है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी की और महेश वाटिका सिद्धेश्वर मंदिर के पास से अभियुक्त अजीत (पुत्र गब्बर सिंह, निवासी महेश वाटिका सिद्धेश्वर मंदिर के पास, खुर्जा नगर) को धर दबोचा।
दोस्ती, गाली-गलौज और फिर शराब पिलाकर मर्डर: पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिसिया पूछताछ में अभियुक्त अजीत ने अपना जुर्म कबूल करते हुए हत्या की जो वजह बताई, वह चौंकाने वाली थी। अजीत ने बताया कि मृतक कमल उसका गहरा दोस्त था और दोनों साथ में ही काम करते थे। कुछ दिनों पहले किसी बात को लेकर कमल और उसके बीच तीखी कहासुनी हो गई थी, जिसमें कमल ने उसे सरेआम भद्दी-भद्दी गालियां दे दी थीं।
अजीत इस बेइज्जती को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था और उसने बदला लेने की खौफनाक साजिश रची। योजना के मुताबिक, वह कमल को अपने साथ अशोक वाटिका ले गया, वहां उसने पहले कमल को छककर शराब पिलाई। जब कमल अत्यधिक नशे में हो गया और खुद को संभालने की स्थिति में नहीं रहा, तब अजीत ने मौका पाकर उसके सिर पर भारी ईंट से ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। कमल की मौके पर ही मौत हो गई, जिसके बाद आरोपी उसका शव वहीं छोड़कर फरार हो गया था।
आरोपी अजीत का लंबा आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त अजीत कोई नौसिखिया अपराधी नहीं है, बल्कि उसका पुराना और लंबा आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ बुलंदशहर के विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
मु.अ.सं. 663/26: धारा 103(1)/238 बीएनएस (थाना खुर्जा नगर)
मु.अ.सं. 787/24, 1118/22, 932/22: धारा 4/25 आर्म्स एक्ट (अवैध हथियार रखने के मामले, थाना खुर्जा नगर)
मु.अ.सं. 1173/21: धारा 379/411 भादवि (चोरी व माल बरामदगी, थाना खुर्जा नगर)
मु.अ.सं. 320/21: धारा 414 भादवि (थाना अरनिया, बुलंदशहर)
इस ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री का सफल अनावरण करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक रामफल सिंह, निरीक्षक पवन कुमार मलिक, उपनिरीक्षक (SI) कुमार पवन, कांस्टेबल भूरा और कांस्टेबल हेमेंद्र सिंह शामिल रहे। पुलिस ने कागजी औपचारिकताएं पूरी कर आरोपी अजीत को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा ( में भेज दिया गया है।
बुलंदशहर: तेज रफ्तार कार का टायर फटने से बड़ा हादसा, डिवाइडर पर चढ़ी गाड़ी; महिला की मौत, मासूम समेत 3 घायलhttps://t.co/jpDnMc4dFW
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 24, 2026













