संभल: गंगा स्नान बना काल; कलश विसर्जन के दौरान अलीगढ़ के दो युवकों की डूबने से मौत, एक को गोताखोरों ने बचाया

संभल

संभल गुन्नौर तहसील क्षेत्र के सांकरा गंगा घाट पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संभल गुन्नौर तहसील क्षेत्र के सांकरा गंगा घाट पर मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में जाने से अलीगढ़ के दो युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि उनके एक साथी को स्थानीय गोताखोरों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

कलश विसर्जन करने आए थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, अलीगढ़ जिले के गांव आलमपुर निवासी विनोद कुमार के घर पर श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन चल रहा था। कथा के समापन पर मंगलवार को ग्रामीण कलश विसर्जन करने के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली से सांकरा गंगा घाट पहुंचे थे।

साथी को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

दोपहर करीब 2:00 बजे जब लोग गंगा स्नान कर रहे थे, तभी अलीगढ़ के भरतुआ गांव निवासी 24 वर्षीय श्याम (पुत्र उदयवीर) और विजयगढ़ क्षेत्र के गौलारा गांव निवासी 25 वर्षीय प्रवीण (पुत्र लेखराज) अपने एक अन्य मित्र के साथ नहाते हुए गहरे पानी में चले गए।

बचाने का प्रयास: नदी के तेज बहाव के कारण पहले श्याम डूबने लगा। उसे डूबता देख प्रवीण और उसका तीसरा साथी उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन पानी गहरा होने के कारण तीनों ही टापू नुमा बहाव में फंसकर डूबने लगे।

गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू: घाट पर मौजूद लोगों के चीखने-पुकारने पर स्थानीय गोताखोर तुरंत नदी में कूद गए। गोताखोरों ने एक युवक को तो सकुशल जीवित बाहर निकाल लिया, लेकिन श्याम और प्रवीण गहरे पानी में समा गए। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को नदी से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

बिना पोस्टमार्टम के शव परिजनों को सौंपे

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुँची। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। थाना प्रभारी धीरज कुमार ने बताया कि युवकों को बचाने का पूरा प्रयास किया गया था, लेकिन दो की मौत हो गई। परिजनों के लिखित अनुरोध पर पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम नहीं कराया और पंचनामा की वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए।

 

Voice Of News 24