सिद्धार्थनगर: किशोर की हत्या के बाद मोहाना चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन; परिजनों ने नेशनल हाईवे किया जाम, साजिश का आरोप

मोहाना

सिद्धार्थनगर जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर सगीर की निर्मम हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। ।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद के मोहाना थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय किशोर सगीर की निर्मम हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर लौट रहे परिजनों और ग्रामीणों ने मोहाना चौराहे पर शव रखकर ककरहवा-लोटन मार्ग (NH-28) को करीब एक घंटे तक जाम रखा। परिजनों का आरोप है कि पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है और घटना के पीछे बड़ी साजिश शामिल है।

क्या है पूरा मामला?

बीते सोमवार को शिवपति नगर टोला मोहाना बाजार निवासी कलीमुल्लाह के 14 वर्षीय पुत्र सगीर का खून से लथपथ शव उसके घर से कुछ दूरी पर बरामद हुआ था। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक मुख्य अभियुक्त और तीन नाबालिगों को हिरासत में भी लिया, लेकिन परिजन इस कार्रवाई से संतुष्ट नजर नहीं आए।

परिजनों ने लगाया साजिश और रंजिश का आरोप

शव के साथ सड़क पर उतरे परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मीडिया से बातचीत में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा

घटना वाली रात मृतक के साथ चार लोग थे, जिनमें अन्य लोग भी शामिल हैं।

परिजनों का दावा है कि पहले शव उस स्थान पर नहीं था, उसे बाद में लाकर फेंका गया है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि गिरफ्तार नाबालिगों के परिवार के सदस्य भी इस हत्या की साजिश और रंजिश में शामिल हैं, जिन्हें पुलिस बचा रही है।

एएसपी के आश्वासन पर खुला जाम

सड़क जाम होने के कारण नेशनल हाईवे पर करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह ठप रहा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित परिजनों को काफी देर तक समझाया और आश्वासन दिया कि जांच में जो भी नए तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। एएसपी के भरोसे के बाद परिजन शव लेकर घर जाने को राजी हुए।

पुलिस का पक्ष

इस संबंध में एएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और नाबालिगों को जुवेनाइल कोर्ट भेजा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की विवेचना जारी है और यदि कोई अन्य व्यक्ति संलिप्त पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।

 

Voice Of News  24

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.