गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री का जनता दर्शन फरियादियों की सुनीं समस्याएं, अधिकारियों को दिए जल्द निस्तारण के निर्देश

गोरखपुर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज सोमवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए सैकड़ों फरियादियों की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने एक-एक कर लोगों के पास जाकर उनकी शिकायतों को संज्ञान में लिया और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के जल्द एवं न्यायपूर्ण निराकरण हेतु कड़े निर्देश दिए।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्धि का मार्ग केवल आर्थिक विकास से नहीं, बल्कि सुशासन, न्यायपूर्ण व्यवस्था और जनसेवा की भावना से प्रशस्त होता है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि ‘नया उत्तर प्रदेश’ इसी समन्वित दृष्टि के साथ आगे बढ़ रहा है, जहाँ विकास और जनकल्याण के कार्य साथ-साथ चल रहे हैं और आम जनजीवन में वास्तविक परिवर्तन ला रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद शासन व प्रशासन के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन-समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीब और जरूरतमंद की समस्या का समाधान पूरी संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध तरीके से होना चाहिए। विशेष रूप से राजस्व और पुलिस से संबंधित मामलों में उन्होंने पारदर्शिता और निष्पक्षता बरतने के निर्देश दिए।

आज के जनता दर्शन में गोरखपुर के समीपवर्ती जिलों के अलावा दूर-दराज के जनपदों से भी लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने बच्चों से दुलार किया और परिजनों को उनकी पढ़ाई व स्वास्थ्य के प्रति आश्वस्त किया। जनता दर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री सीधे आम जनता से जुड़कर उनकी जमीनी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट के माध्यम से भी साझा किया कि सरकार की प्राथमिकता विकास के साथ-साथ हर नागरिक के कल्याण को सुनिश्चित करना है। सुशासन की इसी नीति के कारण प्रदेश में प्रशासनिक जवाबदेही तय हुई है और जनसामान्य को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।

 

Voice Of News 24