संतकबीरनगर: बारात से लौट रहे 22 वर्षीय युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, युवक की इलाज दौरान मौत

संतकबीरनगर

संतकबीरनगर जनपद में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक लवकुश की जान चली गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

संतकबीरनगर जनपद में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक लवकुश की जान चली गई। लवकुश सिद्धार्थनगर जिले के शिवनगर डिंडई थाना क्षेत्र के कबरा गांव का निवासी था और बारात से लौट रहा था जब बाघनगर पुलिस चौकी के पास एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया है, क्योंकि लवकुश ही परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

जानकारी के अनुसार बताते चले हादसा बाघनगर पुलिस चौकी से लगभग 500 मीटर आगे हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लवकुश गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल लवकुश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सेमरियावां पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बस्ती के कैली अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन दुर्भाग्यवश, लवकुश ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

मृतक लवकुश अपने पांच भाइयों में चौथे नंबर पर था। वह तमिलनाडु की एक निजी कंपनी में क्रेन ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था और परिवार का मुख्य सहारा था। उसके तीन बड़े भाई गांव में मजदूरी करके अपना गुजारा करते हैं। परिवार के लिए यह क्षति और भी दुखद है क्योंकि लवकुश की सगाई अभी 1 जून को ही हुई थी।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मां-बाप और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल है। आस-पास के गांवों से आए लोग भी इस दुखद घटना से शोक में डूबे हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और अज्ञात वाहन की तलाश में आगे की जांच कर रही है।

 

Voice Of News 24