महराजगंज: तेज रफ्तार टैक्टर ने स्कूल से लौट रही छात्रा को रौंदा,मौके पर ही छात्रा मौत ,चालक गिरफ्तार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के खुटहा बाजार स्थित आर एस पब्लिक स्कूल से दोपहर की छुट्टी के बाद घर जा रही कक्षा तीन की एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के खुटहा बाजार स्थित आर एस पब्लिक स्कूल से दोपहर की छुट्टी के बाद घर जा रही कक्षा तीन की एक छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। सामने से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार छात्रा को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से आरोपी ट्रैक्टर चालक और मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी अपने कब्जे में ले लिया है।

मृतक छात्रा की पहचान निधि यादव (10 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सिसवा महदेवा निवासी योगेंद्र यादव की पुत्री थी। वह आर एस पब्लिक स्कूल खुटहा में कक्षा तीन में पढ़ती थी और साइकिल से स्कूल आती-जाती थी।

आज मंगलवार को दोपहर में स्कूल की छुट्टी होने के बाद निधि साइकिल से घर जा रही थी। जैसे ही वह स्कूल से निकलकर नहर के पास पहुंची, सामने से आ रही मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे बुरी तरह कुचल दिया। इस हादसे में निधि की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद स्कूल के छात्रों और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

बताया जा रहा है कि निधि अपने माता-पिता की सबसे बड़ी बेटी थी और उसका एक छोटा भाई अतुल है, जो उसी स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता है। बेटी की मौत की खबर सुनकर माता गिरिजा और पिता योगेन्द्र सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र राय ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

Voice Of News 24