बलरामपुर: सीएमओ ने किया तीन पीएचसी का किया औचक निरीक्षण

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शुक्रवार को जिले के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट 

बलरामपुर जनपद के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने शुक्रवार को जिले के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने बलदेव नगर, मणिपुर साहिजना और मथुरा बाजार स्थित पीएचसी का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अमरहवा पीएचसी में कई स्वास्थ्यकर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। अनुपस्थित रहने वाले कर्मियों में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश कुमार जायसवाल, डॉ. पवन कुमार गुप्ता और डॉ. उत्कर्ष मिश्रा शामिल थे। इसके अतिरिक्त, फार्मासिस्ट नरसिंह पाठक और वार्ड ब्वॉय आनंद कुमार शुक्ला भी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने इस लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने का तत्काल आदेश जारी कर दिया।

सीएमओ डॉ. रस्तोगी ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। साथ ही, उन्होंने चिकित्सकों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि मरीजों को बाहर की दवाएं या जांच न लिखी जाएं और सभी कर्मचारी निर्धारित ड्रेस कोड में समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित हों।

इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत शुक्रवार को जिले के 37 स्वास्थ्य केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। इस दौरान कुल 1234 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई, जिनमें से 129 महिलाओं को उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की श्रेणी में पाया गया। अभियान के तहत 453 गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड भी कराया गया।निरीक्षण के समय जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्रा और स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी सीएमओ के साथ मौजूद रहे।

 

Voice Of News 24