ग्रेटर नोएडा

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा सामने आया है।।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला भीषण सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली से महोबा जा रही एक निजी स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में आकर 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के वक्त बस में करीब 35 यात्री सवार थे। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि कई यात्रियों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा जेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत दयंत पुर गांव के पास देर रात करीब 11 बजे हुआ। राज कल्पना ट्रैवल्स की बस (नंबर BR32 PA8647) दिल्ली से सवारियां भरकर महोबा के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस जेवर टोल प्लाजा के समीप पहुंची, आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट के कारण बस के पिछले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी।
धुएं के गुबार से बंद हुआ निकास, मची अफरातफरी
चालक ने आग की भनक लगते ही बस को तुरंत एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी आगोश में ले लिया। बस के भीतर घना धुआं भर जाने के कारण यात्रियों में भगदड़ और चीख-पुकार मच गई। खिड़कियों और मुख्य द्वार से कुछ यात्री तो जैसे-तैसे बाहर कूदने में सफल रहे, लेकिन बच्चों और बुजुर्गों समेत 9 अभागे यात्री आग के बीच फंस गए और उनकी झुलसने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घायलों को कैलाश अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे में घायल हुए यात्रियों को पुलिस और राहत-बचाव दल ने तत्काल नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बस में सवार एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने बताया, “जब हादसा हुआ, तब अधिकांश यात्री सो रहे थे। अचानक ‘आग-आग’ का शोर सुनकर नींद खुली। पूरे केबिन में दमघोंटू धुआं भर चुका था और कुछ नजर नहीं आ रहा था। बाहर निकलने के लिए भारी हड़बड़ी मच गई, हम किसी तरह जान बचाकर बाहर कूद पाए।”
ड्राइवर हिरासत में, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल व फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
गौतमबुद्ध नगर पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बस के सभी आवश्यक दस्तावेज (फिटनेस, परमिट आदि) वैध पाए गए हैं। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे आग लगने के वास्तविक कारणों को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। वहीं, सुरक्षित बचे अन्य यात्रियों को वैकल्पिक वाहनों के जरिए उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत; मची चीख-पुकार pic.twitter.com/Xfxy5YnoS4
— Voice of News 24 (@VOfnews24) September 24, 2026












