बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक निगरानी तेज हो गई है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक निगरानी तेज हो गई है। इसी क्रम में अपर आयुक्त मेरठ मंडल अंबरीश कुमार बिंदने बुलंदशहर जनपद के स्याना तहसील क्षेत्र में कांवड़ मार्गों और शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने स्याना क्षेत्र में स्थापित विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का मुआयना किया। उन्होंने शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराए गए शुद्ध पेयजल, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मेडिकल कैंप और सुरक्षा प्रबंधों का बारीकी से निरीक्षण किया।
अपर आयुक्त अंबरीश कुमार बिंद ने शिविरों में विश्राम कर रहे कांवड़ियों और शिव भक्तों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने यात्रा मार्ग में मिल रही सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर श्रद्धालुओं से फीडबैक लिया। अपर आयुक्त ने भक्तों को आश्वस्त किया कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या होने पर प्रशासन तुरंत सहायता उपलब्ध कराएगा।
मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित करते हुए अपर आयुक्त ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति, निरंतर साफ-सफाई और पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी शिव भक्त को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
इस दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और संबंधित कार्यदायी विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। गौरतलब है कि स्याना मार्ग से हर वर्ष लाखों की संख्या में शिव भक्त गुजरते हैं, जिसे लेकर जिला व मंडल प्रशासन लगातार ग्राउंड जीरो पर मॉनिटरिंग कर रहा है।
बुलंदशहर: ड्रैगन फ्रूट की खेती से किसान की चमकी किस्मत, 10 लाख के निवेश से हर साल लाखों की कमाई
— Voice of News 24 (@VOfnews24) August 7, 2026












