गोरखपुर
महराजगंज जनपद निवासी एक युवक के साथ गोरखपुर शहर में ऑटो सवार बदमाशों द्वारा चाकू के बल पर लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद निवासी एक युवक के साथ गोरखपुर शहर में ऑटो सवार बदमाशों द्वारा चाकू के बल पर लूटपाट की गंभीर घटना सामने आई है। बदमाशों ने युवक को ऑटो में बैठाकर कई घंटों तक शहर की गलियों में घुमाया और फिर सुनसान इलाके में ले जाकर हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने पुलिस-प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी की मांग की है।
ऑटो में बैठाकर घंटों घुमाया, तालाब के पास दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महराजगंज जिले के पुरन्दरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा दशरथपुर निवासी आशीष मणि बीते 5 अगस्त को सुबह करीब 11 बजे अपने घर से निकला था। वह सम्पतिहां से बस में सवार होकर गोरखपुर के लिए रवाना हुआ। पीड़ित का आरोप है कि बस के बरगदवा पहुंचने पर चालक ने आगे जाने से मना कर दिया और किसी ऑटो से जाने की सलाह दी।
इसके बाद आशीष एक ऑटो में सवार हो गया। आरोप है कि ऑटो चालक उसे सीधे गंतव्य पर ले जाने के बजाय कई घंटे तक शहर की गलियों में घुमाता रहा। शाम करीब 5 से 6 बजे के बीच चालक ऑटो को नारायण बिहार स्थित एक सुनसान तालाब के पास ले गया।
पीड़ित के मुताबिक, ऑटो में पहले से तीन लोग सवार थे। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। इसके बाद बदमाशों ने आशीष को चाकू दिखाकर डराया-धमकाया और उसका मोबाइल फोन, नकदी तथा अन्य कीमती सामान छीनकर मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े और व्यस्त शहर में यात्री को इस तरह ऑटो में बंधक बनाकर कई घंटे घुमाने और फिर लूटपाट करने की घटना ने स्थानीय पुलिस गश्त, सार्वजनिक परिवहन की चेकिंग और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित ने गोरखपुर पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई और शहर में चल रहे अज्ञात ऑटो चालकों की सघन चेकिंग की मांग की है।
बुलंदशहर: ड्रैगन फ्रूट की खेती से किसान की चमकी किस्मत, 10 लाख के निवेश से हर साल लाखों की कमाई
— Voice of News 24 (@VOfnews24) August 7, 2026












