लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जनपद के विकासखंड बिजुआ की ग्राम पंचायत बस्तौली में पिछले 15 दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के विकासखंड बिजुआ की ग्राम पंचायत बस्तौली में पिछले 15 दिनों से विद्युत ट्रांसफार्मर फुंका पड़ा है। शिवा बाल्मीकि के घर के पास स्थित इस ट्रांसफार्मर के खराब होने से मोहल्ले के लगभग 40 घरों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। विभागीय उपेक्षा से आक्रोशित ग्रामीणों ने जल्द बिजली बहाल न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
पेयजल और पढ़ाई ठप, रात में बढ़ा चोरी का खतरा
बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को पेयजल, बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरसना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में पूरे मोहल्ले में अंधेरा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि अंधेरे का फायदा उठाकर क्षेत्र में चोर सक्रिय हो गए हैं, जिसके कारण उन्हें रात-रात भर जागकर अपने घरों की रखवाली करनी पड़ रही है।
उग्र आंदोलन के मूड में ग्रामीण
समस्या से त्रस्त बाहर अली, शिवा बाल्मीकि, शाकिर अली, गुफरान अली, राजेन्द्र प्रसाद, मोमीन अली और संजय सैनी सहित दर्जनों ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद विद्युत विभाग कोई सुनवाई नहीं कर रहा है।
ग्रामीणों की चेतावनी व मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल नया ट्रांसफार्मर लगवाकर विद्युत आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है। चेतावनी दी गई है कि यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करने को बाध्य होंगे।













