सिद्धार्थनगर
सिद्धार्थनगर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

सिद्धार्थनगर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त हो गया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘जिला स्वास्थ्य समिति’ (DHS) की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी गर्भवती महिला का घर पर प्रसव नहीं होना चाहिए; यदि ऐसा होता है तो संबंधित प्रभारी चिकित्सा अधिकारी सीधे तौर पर जिम्मेदार होंगे।
लापरवाह आशा कार्यकर्ताओं को नोटिस, NBSU 24 घंटे रहेगा सक्रिय
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिन आशा कार्यकर्ताओं द्वारा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव (अस्पताल में डिलीवरी) नहीं कराया जा रहा है, उन्हें चिन्हित कर तत्काल नोटिस जारी किया जाए। मातृ एवं शिशु मृत्यु दर को कम करने के लिए अस्पतालों में नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई (NBSU) को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डिप्टी CMO डॉ. आर.जी. सिंह से स्पष्टीकरण तलब
जननी सुरक्षा योजना में डेटा फीडिंग की खराब स्थिति मिलने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.जी. सिंह से स्पष्टीकरण तलब करने के आदेश दिए। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड बनाने की धीमी प्रगति पर असंतोष जताते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने और उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को समय पर खुलवाने के निर्देश दिए।
बाहर की दवाएं लिखने पर लगेगी रोक, टीबी मरीजों की पहचान में तेज़ी के निर्देश
बैठक में डीएम ने स्पष्ट हिदायत दी कि:
सरकारी अस्पतालों में आने वाले किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशान न किया जाए।
बाहर की दवाएं लिखने की कोई भी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए।
उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर बीएचएनडी दिवस पर एएनएम, आशा व सीएचओ की संयुक्त उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम, परिवार नियोजन, पीसीपीएनडीटी अधिनियम और टीकाकरण की समीक्षा कर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, डैम राजेश मिश्रा, डीसीपीएम सहित जिले के सभी सीएचसी-पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, बीपीएम, बीसीपीएम एवं अन्य स्वास्थ्य अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
दानपुर के ग्राम दौराऊ में सार्वजनिक शौचालय बदहाल, ग्रामीणों ने बीडीओ से की शिकायत; जांच का आश्वासनhttps://t.co/EO4x2fc8RX
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 20, 2026













