पुलिया निर्माण कार्य ठप होने पर ग्रामीणों का प्रदर्शन, समाजसेवी मुन्नू भैया ने अधिकारियों से की जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग

 

(लखीमपुर खीरी सुरजीपुरवा गांव में लंबे समय से रुके पुलिया निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की। उनका कहना है कि अधूरी पुलिया के कारण रोजाना आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों के अनुसार, स्कूली बच्चों, किसानों, महिलाओं और बुजुर्गों को कीचड़ और जलभराव के बीच आवाजाही करनी पड़ रही है। ग्रामीण रामकिशन ने बताया कि बच्चे स्कूल जाते समय गिर जाते हैं और बारिश में रास्ता पूरी तरह बाधित हो जाता है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग ने अब तक निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पुलिया निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने निर्माण में हो रही देरी की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

प्रदर्शन की सूचना पर समाजसेवी प्रसेनजीत सिंह उर्फ मुन्नू भैया मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर पुलिया निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्या के समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग पुलिया निर्माण कार्य को कब तक दोबारा शुरू कर जनता को राहत दिलाता है।

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.