महराजगंज
महराजगंज जनपद के कस्बे के कृष्णा नगर वार्ड संख्या 12 मोहल्ले में रविवार सुबह करंट की चपेट में आने से एक भैंस की दर्दनाक मौत हो गई।

इस हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश व्यक्त किया।
पोल से नीचे गिरा था हाईवोल्टेज तार
जानकारी के अनुसार, ज़िगनहवा निवासी पशु मालिक भुआल (50 वर्ष, पुत्र पुनर्वास) सुबह अपनी भैंसों को लेकर जा रहे थे। इसी दौरान एक भैंस का पैर पोल से टूटकर नीचे गिरे बिजली के तार पर पड़ गया। करंट इतना जोरदार था कि बेजुबान जानवर ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया। पीड़ित पशु मालिक ने इस हादसे से हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है।
बड़ा हादसा होने से टला
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जर्जर और लटकते तारों की शिकायत के बावजूद विभाग ने समय रहते मरम्मत नहीं की, जिसके कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते इन खतरनाक तारों को ठीक नहीं किया गया, तो भविष्य में किसी इंसान की जान भी जा सकती है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने और जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।












