बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के सिकंदराबाद क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और टाटा 407 की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टाटा 407 का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

हादसे के समय टाटा 407 का चालक वाहन में फंस गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद उसे केबिन से बाहर निकाला और बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि चालक पेट्रोल पंप पर डीज़ल/पेट्रोल भरवाने जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल चालक को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के कारण सड़क पर कुछ देर तक यातायात बाधित रहा। बाद में पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।












