बागपत
छपरौली: खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ग्राम लूंब में मावा भट्ठियों पर छापा मारा।

इस दौरान करीब 4 लाख रुपये कीमत का 13 कुंतल मावा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों ने गुणवत्ता की जांच के लिए मावा के चार और अरारोट का एक सैंपल लेकर प्रयोगशाला भेज दिया है। कार्रवाई के तहत दिल्ली जा रहे दो मावा लदे टेंपो को भी रास्ते में रोककर जब्त किया गया।


विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी रोकने और जनस्वास्थ्य की रक्षा के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस अचानक हुई छापेमारी से क्षेत्र के मावा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।












