महराजगंज
महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा मदनपुरा स्थित गो आश्रय केंद्र में शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे उस समय भारी हड़कंप मच गया,पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के निचलौल तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा मदनपुरा स्थित गो आश्रय केंद्र में शनिवार की दोपहर करीब 3 बजे उस समय भारी हड़कंप मच गया, जब गौ रक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने अचानक पहुंचकर वहां व्याप्त अव्यवस्थाओं का भंडाफोड़ किया। संगठन के पदाधिकारियों ने गो आश्रय केंद्र में गायों की देखरेख के नाम पर घोर लापरवाही और भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, मदनपुरा गो आश्रय केंद्र से गायों को लक्ष्मीपुर ब्लॉक के कोट कमहरिया गो आश्रय केंद्र में स्थानांतरित किया जा रहा था। इसी बीच, दोपहर करीब दो बजे जिला गौ रक्षा प्रमुख राहुल गुप्ता, बजरंग दल के जिला सह संयोजक राहुल गुप्ता, प्रखंड गौ रक्षक (बंजंरग दल) विवेक मौर्य और कुलदीप कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। वहां केंद्र के अंदर और बाहर कुछ गायों को मृत और मरणासन्न अवस्था में देखकर कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
गौवंशों की मौत और हंगामे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। मौके पर तहसीलदार अमित सिंह, बीडीओ मिठौरा राहुल सागर, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. एजाज अहमद और थानाध्यक्ष अंकित सिंह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेते हुए केंद्र में तड़प रही एक बीमार गाय का तत्काल उपचार शुरू कराया, जबकि मृत दो गायों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने हेतु परिसर में जेसीबी मशीन मंगवाई।
परिसर में जेसीबी पहुंचता देख कार्यकर्ताओं का गुस्सा और भड़क गया। उन्होंने मृत गायों को बिना जांच के वहां से हटाने का कड़ा विरोध करते हुए प्रदर्शन तेज कर दिया। हंगामा बढ़ता देख पुलिस बल ने मुस्तैदी दिखाते हुए कार्यकर्ताओं को घेरे में लिया और काफी मशक्कत के बाद मृत गायों को ट्रक में लोड कराकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
इस कार्रवाई से नाराज गौरक्षकों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पुलिस व प्रशासन पर बलपूर्वक दबाव बनाने का आरोप लगाया। कार्यकर्ता दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर गो आश्रय परिसर में ही धरने पर बैठ गए। समाचार लिखे जाने तक प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित कार्यकर्ताओं को समझाने-बुझाने और शांत कराने के प्रयास में जुटे रहे।
महराजगंज: दो ग्राम पंचायतों के सीमा विवाद में PWD सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी, राहगीर परेशान@DmMaharajganj @uppwdofficial @IndiaDeportoPR https://t.co/OxRB3TLqZc
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 20, 2026












