बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के नरौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिलखना में आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के नरौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिलखना में आगामी मोहर्रम पर्व के मद्देनजर शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। पिलखना प्रांगण में संपन्न हुई इस बैठक की अध्यक्षता नरौरा थाना प्रभारी भुवनेश कुमार ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी भुवनेश कुमार ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और विशेष रूप से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक व आपत्तिजनक खबरों से सावधान रहें।
थाना प्रभारी ने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी असामाजिक तत्व क्षेत्र की शांति व्यवस्था भंग करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करेगा, उसके खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
बैठक के दौरान रूट व्यवस्था और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के साथ ही किसी भी असामान्य घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर नरौरा थाना प्रभारी भुवनेश कुमार, राजघाट चौकी प्रभारी उमाशंकर भारद्वाज, पुलिसकर्मी अभिषेक कुमार, प्रदीप कुमार, योगेश कुमार और ग्राम प्रधान पति गुरुमीत सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य और संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।













