लखीमपुर खीरी
लखीमपुर खीरी जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच शुरू हो गई है। जिले में बनाए गए कुल 16 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 13 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जिले में पुलिस भर्ती परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक मुस्तैदी के बीच शुरू हो गई है। जिले में बनाए गए कुल 16 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 13 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। प्रशासन ने परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए हैं।
दो पालियों में परीक्षा, प्रत्येक पाली में 6,500 अभ्यर्थी
यह महत्वपूर्ण परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संपन्न हुई, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में करीब 6,500 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। सुबह 8:00 बजे से ही केंद्रों पर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
बायोमेट्रिक जांच और सघन तलाशी के बाद प्रवेश
परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वारों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और पहचान पत्रों की गहनता से जांच करने तथा सघन तलाशी के बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया गया। केंद्र के भीतर किसी भी बाहरी व्यक्ति या संदिग्ध उपकरण के ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध है।
जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि सभी 16 केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों और उड़नदस्तों की टीमें लगातार विभिन्न केंद्रों का औचक निरीक्षण कर रही हैं ताकि कहीं भी कोई अनियमितता न हो सके।
इन 16 केंद्रों पर हो रही है परीक्षा
जिले के प्रमुख परीक्षा केंद्रों में अबुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज, आदर्श जनता इंटर कॉलेज देवकली, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय पॉलिटेक्निक, भगवानदीन आर्य कन्या इंटर कॉलेज, धर्मसभा इंटर कॉलेज, गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज, गुरुनानक इंटर कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज फरधान, कृषक समाज इंटर कॉलेज फतेपुर, पब्लिक इंटर कॉलेज, स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज, युवराजदत्त इंटर कॉलेज ओयल तथा जिला पंचायत इंटर कॉलेज कलुआम शामिल हैं।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, सभी केंद्रों पर परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में आगे बढ़ रही है।
कानपुर देहात: दामाद ने पत्नी को छोड़ सगी सास से रचाई शादी; कोर्ट मैरिज के बाद सोशल मीडिया पर तस्वीरें कीं वायरल, जोड़ा फरारhttps://t.co/xEsEd5ArcM
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 8, 2026













