संभल
संभल/बहजोई जिले की धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने शनिवार को महत्वपूर्ण स्थलीय निरीक्षण किया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

संभल/बहजोई जिले की धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने शनिवार को महत्वपूर्ण स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विकासखंड बनियाखेड़ा के ग्राम गणेशपुर स्थित वर्ष 1884 में स्थापित प्राचीन मनोकामना मंदिर श्री बाँकेबिहारी जी एवं माँ गंगा मंदिर का भ्रमण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद चन्दौसी स्थित गणेश मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा चन्दौसी-बहजोई मार्ग पर ग्राम भरतरा में निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सबसे पहले ग्राम गणेशपुर स्थित ऐतिहासिक श्री बाँकेबिहारी जी मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधान से दर्शन-पूजन कर जिले की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। उन्होंने मंदिर परिसर में स्थित माँ गंगा मंदिर और प्राचीन जलकुंड का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंदिर की ऐतिहासिक और धार्मिक महत्ता की जानकारी प्राप्त की।
डीएम ने कहा कि वर्ष 1884 में स्थापित यह प्राचीन मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसके संरक्षण एवं विकास की दिशा में ठोस कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर के समुचित रखरखाव, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए एक समिति का गठन किया जाए। यह समिति मंदिर के विकास कार्यों की निगरानी करेगी और भविष्य की योजनाओं का खाका तैयार करेगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में स्थित धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व के स्थलों का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। ऐसे स्थलों का विकास न केवल सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा देगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक लाभ के नए अवसर मिल सकेंगे।
इसके उपरांत जिलाधिकारी चन्दौसी स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन कर पूजा-अर्चना की तथा मंदिर परिसर में स्थापित विशाल गणेश प्रतिमा का अवलोकन किया। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी बल दिया।
धार्मिक स्थलों के निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने चन्दौसी-बहजोई रोड स्थित ग्राम भरतरा में खेल विभाग के अंतर्गत निर्माणाधीन स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपी प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन के अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली और स्टेडियम के मानचित्र का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्टेडियम तक पहुंच मार्ग को लेकर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को रेलवे विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पहुंच मार्ग से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों और आम नागरिकों को भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके अलावा स्टेडियम परिसर के आसपास से गुजर रही विद्युत लाइनों की शिफ्टिंग के संबंध में भी जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय स्थापित कर सभी लंबित कार्यों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और परियोजना समय पर पूरी हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। निर्माणाधीन स्टेडियम पूर्ण होने के बाद जिले के खिलाड़ियों को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध होगा, जिससे उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा और वे प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर पर जनपद का नाम रोशन कर सकेंगे।
इस दौरान उपजिलाधिकारी चन्दौसी नीतू रानी, तहसीलदार रविन्द्र विक्रम, उप क्रीड़ा अधिकारी प्रमिला भारती सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई और सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों को गति देने के निर्देश दिए गए।
महराजगंज: दो ग्राम पंचायतों के सीमा विवाद में PWD सड़क पर बह रहा नाले का गंदा पानी, राहगीर परेशान@DmMaharajganj @uppwdofficial @IndiaDeportoPR https://t.co/OxRB3TLqZc
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 20, 2026












