खुटहन
जौनपुर जनपद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अपनी ‘रंगबाजी’ और ‘मनबढ़ई’ दिखाने का जरिया बनाने वाले तत्वों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

जौनपुर जनपद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को अपनी ‘रंगबाजी’ और ‘मनबढ़ई’ दिखाने का जरिया बनाने वाले तत्वों के खिलाफ जौनपुर पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। जनपद में अपराधियों और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष ‘ऑपरेशन वज्रपात’ अभियान के तहत खुटहन थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से आक्रामक, भड़काऊ और आपत्तिजनक पोस्ट साझा करने के आरोप में चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
क्रासर: पटैला गांव के रहने वाले हैं चारों आरोपी; सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर पुलिस सख्त
मुखबिर और सर्विलांस की मदद से धरे गए डिजिटल ‘रंगबाज’
खुटहन पुलिस से प्राप्त आधिकारिक विवरण के अनुसार, पिछले कुछ समय से स्थानीय पुलिस और सर्विलांस टीम को सूचना मिल रही था कि क्षेत्र के कुछ युवक सोशल मीडिया (फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि) पर हथियारों, धौंस जमाने वाले गानों और आक्रामक संवादों के साथ अपनी पोस्ट साझा कर रहे हैं। इन पोस्ट्स से समाज में भय का माहौल पैदा होने और शांति-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी।
मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए खुटहन थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जाल बिछाया और चिन्हित किए गए डिजिटल हैंडल्स को ट्रैक करते हुए चार मनबढ़ युवकों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस अभिरक्षा में लिए गए चारों आरोपी खुटहन थाना क्षेत्र के एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जिनकी शिनाख्त इस प्रकार हुई है:
आरिफ (निवासी: ग्राम पटैला, थाना खुटहन, जौनपुर)
सरफराज उर्फ सबलू (निवासी: ग्राम पटैला, थाना खुटहन, जौनपुर)
अमजद उर्फ गोरका (निवासी: ग्राम पटैला, थाना खुटहन, जौनपुर)
आसिम (निवासी: ग्राम पटैला, थाना खुटहन, जौनपुर)
BNSS की धाराओं में कार्रवाई, शांति भंग करने वालों को कड़ा संदेश
पुलिस प्रशासन ने बताया कि क्षेत्र में अमन-चैन और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से इन सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की संबंधित सुसंगत व निवारक धाराओं के तहत कठोर कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद चारों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
सोशल मीडिया अभिव्यक्ति का माध्यम है, न कि अपराध या रंगबाजी चमकाने का। इंटरनेट पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ, जातिगत या आक्रामक पोस्ट डालकर कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की साइबर और सर्विलांस विंग हर एक संदिग्ध अकाउंट पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रख रही है। यह अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।
बलिया: दोकटी पुलिस और 25 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़; जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली, अवैध असलहा बरामदhttps://t.co/EX80LVOwbx
— Voice of News 24 (@VOfnews24) June 6, 2026















