हापुड़
हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

हापुड़ जनपद के गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-9 (NH-9) पर शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 12 वर्षीय एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गए।
बिजनौर जाते समय उपकृषि मंडी के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, पिलखुवा के मुंशीनगर धोबीघाट के रहने वाले शकिर अपनी पत्नी शाइस्ता, 12 वर्षीय बेटे सुभान और बेटी सनाया के साथ बाइक पर सवार होकर किसी काम से बिजनौर जनपद के नहटौर जा रहे थे। उनका परिवार जैसे ही गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत स्थित उपकृषि मंडी के सामने हाईवे पर पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क पर काफी दूर जा गिरे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मासूम सुभान की मौके पर ही सांसें थम गईं।
घायल अस्पताल में भर्ती, कोहराम मचा
हादसे के बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत संवेदनशीलता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एम्बुलेंस को सूचित किया। सूचना मिलते ही गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल शकिर, उनकी पत्नी शाइस्ता और बेटी सनाया को तुरंत एम्बुलेंस की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार के रिश्तेदारों में कोहराम मच गया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मृत किशोर सुभान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। गढ़मुक्तेश्वर थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक और दुर्घटनाग्रस्त वाहन की पहचान के लिए हाईवे व उपकृषि मंडी के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वाहन को ट्रेस कर चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बुलंदशहर:खुर्जा में बनेगा बड़ा स्टेडियम! मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने दी पूर्ण आश्वासन, जल्द मिलेगी स्वीकृतिhttps://t.co/87O7p13kkK
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 30, 2026






















