रामपुर
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक कोतवाली क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले परिवार का युवक अपनी ही सगी चचेरी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले गया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के मिलक कोतवाली क्षेत्र से रिश्तों को तार-तार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाले परिवार का युवक अपनी ही सगी चचेरी नाबालिग बहन को बहला-फुसलाकर भगा ले गया। इस मामले में जब पीड़ित मां ने अपने जेठ से बेटी की वापसी की गुहार लगाई, तो उसने लोक-लाज और रिश्तों की मर्यादा भूलकर दो टूक कह दिया कि ‘तुम्हारी बेटी अब हमारे घर की बहू बन चुकी है।’ पीड़ित मां की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां अपने परिवार के साथ क्षेत्र के ग्राम तरुआ स्थित एक ईंट भट्ठे पर मजदूरी करती है। सोमवार की रात वह अपनी नाबालिग बेटी और अन्य बच्चों के साथ सो रही थी। मंगलवार सुबह जब उसकी आंख खुली, तो उसने अपनी बेटी को बिस्तर से गायब पाया। काफी खोजबीन करने के बाद जब बेटी का कहीं सुराग नहीं लगा, तो मां ने शोर मचाया। शोर सुनकर भट्ठे पर काम करने वाले अन्य मजदूर और ग्रामीण इकट्ठा हो गए। इसी बीच पता चला कि महिला के जेठ का बेटा भी भट्ठे से रहस्यमय ढंग से गायब है।
जेठ ने दी धमकी— ‘जो करना है कर लो, दोनों दूर जा चुके हैं’
बेटी के गायब होने और भतीजे पर शक गहराने के बाद पीड़ित मां तुरंत अपने जेठ के पास पहुंची और रोते हुए अपनी बेटी को वापस बुलाने की गुहार लगाई। लेकिन जेठ ने सहानुभूति दिखाने के बजाय गुस्से में आकर अमानवीय लहजा अख्तियार कर लिया। जेठ ने महिला को धमकी भरे लहजे में कहा, “तुम्हें जो करना है कर लो। अब तुम्हारी बेटी हमारे बेटे की बहू बन चुकी है और दोनों यहाँ से बहुत दूर जा चुके हैं।” जेठ के इस जवाब ने पीड़िता के परिवार और स्थानीय लोगों को हैरत में डाल दिया।
पुलिस ने शुरू की तलाश
रिश्तों को कलंकित करने वाली इस घटना और जेठ की बेरुखी से आहत होकर पीड़ित मां मंगलवार दोपहर सीधे मिलक कोतवाली पहुंची। उसने पुलिस को लिखित तहरीर देकर आरोपी भतीजे और उसके माता-पिता (जेठ-जेठानी) के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी नाबालिग बेटी को जल्द से जल्द बरामद करने की मांग की है। मिलक पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और नाबालिग लड़की व आरोपी युवक की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
UP: राज्य कर्मचारियों के लिए बड़ी खबर,अब आयुर्वेद और होम्योपैथी से भी मिलेगा मुफ्त इलाज; सीएम योगी का बड़ा फैसलाhttps://t.co/GTvXa88xGU
— Voice of News 24 (@VOfnews24) May 27, 2026















