बुलंदशहर: गंगा एक्सप्रेसवे पर ‘कट’ न मिलने से आक्रोश, कांग्रेस ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

बुलंदशहर

बुलंदशहर जनपद से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ने-उतरने के लिए कोई इंटरचेंज कट न दिए जाने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद से होकर गुजर रहे गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ने-उतरने के लिए कोई इंटरचेंज कट न दिए जाने पर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि एक्सप्रेसवे जिले से निकलने के बावजूद स्थानीय लोगों को इसका लाभ नहीं मिल रहा, जो बुलंदशहर के साथ ‘सौतेला व्यवहार’ है।

पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर राकेश भाटी, प्रज्ञा गौड़ और उपाध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह राघव ने संयुक्त बयान में कहा कि लखनऊ या प्रयागराज जाने के लिए आज भी जिलेवासियों को हापुड़ या अलीगढ़ का रुख करना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण बुलंदशहर विकास की मुख्यधारा से पिछड़ रहा है। शहर अध्यक्ष इंजीनियर रवि लोधी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की डीपीआर में बुलंदशहर को प्राथमिकता दी गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने मार्ग परिवर्तित कर जिले का नुकसान किया है।

कांग्रेस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जिले में एक्सप्रेसवे का इंटरचेंज नहीं दिया गया, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। नेताओं ने हुंकार भरी कि विकास के नाम पर हो रहे इस भेदभाव का जवाब जनता आगामी चुनावों में ‘वोट की चोट’ से देगी। यह मुद्दा अब जिले की राजनीति में गर्माता जा रहा है।

 

 

Voice Of News 24