निघासन खीरी: जौरहा नदी घाट पर अवैध खनन का भंडाफोड़, बालू से लदी 2 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

सिंगाही

लखीमपुर खीरी जनपद के सिंगाही क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

लखीमपुर खीरी जनपद के सिंगाही क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने कड़ा शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। मंगलवार को खनन इंस्पेक्टर ने मोतीपुर और भौंका गांव के बीच छापेमारी कर जौरहा नदी से अवैध बालू लेकर जा रही दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है।

जौरहा नदी के भौंका घाट से हो रहा था खनन

जानकारी के अनुसार, जौरहा नदी के भौंका घाट से लंबे समय से अवैध बालू खनन की शिकायतें मिल रही थीं। मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर खनन विभाग की टीम ने मोतीपुर-भौंका मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान बालू से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मौके पर धर दबोचा गया। खनन विभाग ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सिंगाही पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस अब वाहनों को सीज करने की विधिक कार्रवाई कर रही है।

कड़े जुर्माने और FIR का प्रावधान

उत्तर प्रदेश उप खनिज परिहार नियमावली 1963 के अनुसार, बिना रॉयल्टी और ई-एमएम11 के खनिजों का परिवहन पूरी तरह अवैध है। खनन इंस्पेक्टर ने स्पष्ट किया कि पकड़े गए वाहनों पर 25 हजार से लेकर 4 लाख रुपये तक का भारी जुर्माना लगाया जा सकता है।

विधिक कार्रवाई: वाहन स्वामियों के विरुद्ध खनन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप

खनन इंस्पेक्टर ने मीडिया को बताया कि जौरहा नदी के विभिन्न घाटों पर अवैध खनन की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इस कार्रवाई के बाद खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भौंका घाट पर रात के अंधेरे में रोजाना 10 से 15 ट्रॉली बालू का अवैध निष्कर्षण किया जा रहा था, जिससे राजस्व को बड़ी चपत लग रही थी।प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

 

 

Voice Of News 24