महराजगंज: राप्ती नदी में डूबने से 22 वर्षीय युवक की मौत, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

बृजमनगंज

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा धानी से एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ राप्ती नदी के किनारे शौच के लिए गए एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के बृजमनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा धानी से एक दुखद घटना सामने आई है। यहाँ राप्ती नदी के किनारे शौच के लिए गए एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय प्रशासन के खिलाफ लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

शौच के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धानी निवासी सुनील उपाध्याय (22 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय महावीर उपाध्याय,आज मंगलवार सुबह करीब 11:00 बजे घर से शौच के लिए राप्ती नदी के किनारे गया था। इसी दौरान पैर फिसलने या गहरे पानी में चले जाने के कारण वह नदी में डूब गया।

परिजनों का आरोप: 3 घंटे बाद भी नहीं पहुँचा प्रशासन

घटना के बाद ग्रामीणों ने अपने स्तर पर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है किघटना के 3 घंटे बीत जाने के बाद भी शासन या प्रशासन की ओर से बचाव कार्य के लिए कोई टीम मौके पर नहीं पहुँची है।

गोताखोरों या एसडीआरएफ की व्यवस्था न होने से शव की तलाश में देरी हो रही है।

ग्रामीणों ने पुलिस और स्थानीय अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

गांव में मातम का माहौल

22 वर्षीय सुनील की मौत की खबर ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। सुनील के पिता का पहले ही देहांत हो चुका है, ऐसे में परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

 

Voice Of News 24