बड़ौत
बागपत जनपद के बड़ौत-शामली मार्ग पर ककड़ीपुर पुलिस चौकी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बागपत जनपद के बड़ौत-शामली मार्ग पर ककड़ीपुर पुलिस चौकी के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनपद के ग्राम डोला निवासी मनोज अपनी पत्नी रंजीता के साथ शामली में अपनी एक रिश्तेदारी से होकर बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। जैसे ही वे ककड़ीपुर पुलिस चौकी के समीप पहुँचे, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपत्ति सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और दोनों घायलों को उपचार के लिए बड़ौत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहाँ जाँच के उपरांत चिकित्सकों ने रंजीता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मनोज की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। परिजनों ने मनोज को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहाँ वे जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।
थानाध्यक्ष सूर्यदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतका के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चालक की तलाश और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक महिला के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बागपत: जमीन विवाद और पुलिस उत्पीड़न के आरोप में डीएम कार्यालय पर किसान परिवार का धरना, निष्पक्ष जांच की मांग
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 18, 2026























