बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने और नाला जाम होने के कारण ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के ग्राम पंचायत त्रिलोकपुर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने और नाला जाम होने के कारण ग्रामीणों का जीना दुश्वार हो गया है। गाँव के रास्तों पर जमा गंदा पानी अब गंभीर बीमारियों को न्योता दे रहा है। शासन की ‘स्वच्छ भारत’ मुहिम के दावों के बीच यहाँ की स्थिति प्रशासन की अनदेखी की पोल खोल रही है।
रास्तों पर भरा पानी, मासूमों की शिक्षा प्रभावित
गाँव के मुख्य रास्तों पर घुटनों तक भरे गंदे पानी के कारण छोटे-छोटे बच्चों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि गंदगी के कारण कीड़े-मकोड़े घरों में घुस रहे हैं, जिससे बच्चों की जान का खतरा बना रहता है। स्थानीय बच्चों का कहना है कि रास्ता इतना खराब और पानी से भरा है कि वे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं।
हादसों का सबब बना जलभराव
रास्ते पर पानी भरा होने के कारण यहाँ से गुजरने वाले लोग अक्सर पैर फिसलने से गिरकर चोटिल हो रहे हैं। बुजुर्गों और राहगीरों के लिए इस मार्ग से निकलना किसी चुनौती से कम नहीं है। जलभराव के कारण मच्छर पनप रहे हैं, जिससे गाँव में संक्रामक बीमारियों के फैलने का डर बना हुआ है।
जब ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर ग्राम प्रधान जीतन सिंह से शिकायत की, तो उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि पंचायत के पास पैसा न होने के कारण नाले की सफाई का कोई संकल्प या योजना फिलहाल नहीं है। प्रधान के इस गैर-जिम्मेदाराना जवाब से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
गाँव के बुजुर्गों का कहना है कि नाले की सफाई पिछले कई सालों से नहीं हुई है। नीरज कुमार, वीरपाल सिंह, राजेंद्र सतपाल सिंह, थोड़ी सिंह, चंद्रपाल, बिनानी सिंह, चमन सिंह और संजू सिंह सहित दर्जनों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि इस मामले का संज्ञान लिया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही नाले की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था नहीं हुई, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
गोरखपुर : बंद दुकान में मिला था युवती का सड़ा-गला शव, पुलिसिया जांच में हत्या का हुआ खुलासा, हिरासत में हत्यारा
https://t.co/84UGH2vuKq@gorakhpurpolice
— Voice of News 24 (@VOfnews24) April 17, 2026






















