बलरामपुर पुलिस की बड़ी सफलता: ज्वैलरी दुकान से सोना उड़ाने वाली महिला 12 घंटे में गिरफ्तार

बलरामपुर

बलरामपुर जनपद की स्वाट और कोतवाली नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ज्वैलरी दुकान में टप्पेबाजी करने वाली एक महिला को घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बलरामपुर जनपद की स्वाट और कोतवाली नगर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए ज्वैलरी दुकान में टप्पेबाजी करने वाली एक महिला को घटना के मात्र 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से चोरी की गई 9.480 ग्राम सोने की बालियां भी शत-प्रतिशत बरामद कर ली हैं।

बातों में उलझाकर पार कर दिया था जेवर

घटना 5 अप्रैल 2026 की है, जब नया पड़ाव स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के पास स्थित प्रतीक सिंघल की ज्वैलरी दुकान पर एक महिला ग्राहक बनकर आई। शातिर महिला ने दुकानदार को अपनी बातों में उलझाया और मौका पाकर सोने की बालियों का डिब्बा पार कर दिया। दुकानदार की तहरीर पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

कोतवाली नगर पुलिस ने दुकान और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें महिला की संदिग्ध गतिविधियां कैद हो गई थीं। फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की पहचान काजल पुत्री असगर अली, निवासी विशुनापुर फुलवरिया बाईपास के रूप में हुई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

जुर्म कबूल, 9 जोड़ी बालियां बरामद

कड़ाई से पूछताछ के दौरान काजल ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई 9 जोड़ी सोने की बालियां (वजन 9.480 ग्राम) और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी महिला को विधिक कार्यवाही के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में उप निरीक्षक संतोष कुमार, शिव लखन सिंह और कांस्टेबल लक्ष्मण यादव मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की व्यापार मंडल ने भी सराहना की है।

 

Voice Of News 24