बुलंदशहर: अलविदा जुम्मा को लेकर अलर्ट पर पुलिस; एएसपी ग्रामीण और सीओ ने जहांगीराबाद में किया पैदल मार्च

जहांगीराबाद

बुलंदशहर जनपद में अलविदा जुम्मा के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद में अलविदा जुम्मा के अवसर पर शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के कड़े निर्देशों के अनुपालन में शुक्रवार को भारी पुलिस बल ने क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च किया।

एएसपी और सीओ ने संभाली कमान

शांति व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. तेजवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी अनूपशहर विकास प्रताप सिंह चौहान स्वयं सड़क पर उतरे। अधिकारियों ने पुलिस फोर्स के साथ थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के विभिन्न व्यस्त चौराहों और संवेदनशील बस्तियों में पैदल मार्च किया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे और नमाज के समय मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

ईदगाह का निरीक्षण और व्यवस्थाओं का जायजा

पैदल मार्च के उपरांत अधिकारियों ने कस्बा जहांगीराबाद स्थित ईदगाह का निरीक्षण किया। यहाँ नमाज अदायगी के लिए की गई तैयारियों और साफ-सफाई की व्यवस्थाओं को परखा गया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित मुस्लिम समुदाय के प्रबुद्ध जनों से वार्ता कर नमाज के समय और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए गए कि नमाजियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

संवाद स्थापित करते हुए पुलिस अधिकारियों ने आम जनमानस से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें। यदि क्षेत्र में कहीं भी कोई संदिग्ध गतिविधि या विवाद की आशंका दिखे, तो तत्काल इसकी सूचना डायल-112 या स्थानीय पुलिस को दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Voice Of News 24