महराजगंज: 15 मार्च को धनेई में सुभासपा की सामाजिक समरसता महारैली, 100 ब्राह्मण करेंगे शंखनाद

महराजगंज

महराजगंज जनपद के धनेई स्थित सर्वोदय कॉलेज में आगामी 15 मार्च 2026 को होने वाली सामाजिक समरसता महारैली की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के धनेई स्थित सर्वोदय कॉलेज में आगामी 15 मार्च 2026 को होने वाली सामाजिक समरसता महारैली की तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है। इस ऐतिहासिक आयोजन की समीक्षा के लिए मंगलवार को स्थानीय निरीक्षण भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसमें सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव एवं पूर्व मंत्री डॉ. अरविंद राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से रूबरू होते हुए डॉ. अरविंद राजभर ने एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस महारैली की शुरुआत 100 से अधिक ब्राह्मणों द्वारा सामूहिक शंखनाद के साथ की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह शंखनाद भारतीय संस्कृति और सामाजिक समरसता का प्रतीक होगा, जो समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का संदेश देगा।

डॉ. राजभर ने जोर देकर कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर के नेतृत्व में सुभासपा हमेशा से वंचितों, शोषितों और पिछड़ों के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है। यह महारैली सामाजिक न्याय और समान भागीदारी के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का काम करेगी। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष की विचारधारा से प्रभावित होकर समाज के हर वर्ग के लोग बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़ रहे हैं।

महारैली के संपूर्ण प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय सचिव जितेंद्र सिंह ने बैठक में तैयारियों की विस्तृत रिपोर्ट पेश की। उन्होंने बताया कि विभिन्न समितियों का गठन कर दिया गया है और कार्यकर्ताओं को गाँव-गाँव जाकर लोगों को आमंत्रित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

डॉ. राजभर ने दावा किया कि 15 मार्च को होने वाली यह रैली ऐतिहासिक होगी और इसमें विभिन्न जनपदों से भारी जनसैलाब उमड़ेगा। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे धनेई (महाराजगंज) पहुँचकर इस आयोजन को सफल बनाएं। बैठक में पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Voice Of News 24