अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर औरैया पुलिस की अनूठी पहल: ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ से 8 बिखरे परिवार फिर हुए एक

औरैया

औरैया जनपद के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद के महिला थाना ककोर में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के तहत खुशियों की नई किरण दिखाई दी।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

औरैया जनपद के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद के महिला थाना ककोर में ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ के तहत खुशियों की नई किरण दिखाई दी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती के निर्देशन में आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में टूटने की कगार पर पहुँच चुके 8 परिवारों को आपसी समझाइश के बाद पुनः मिलाया गया।

एएसपी की मौजूदगी में हुई 35 मामलों की सुनवाई

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा और पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के नेतृत्व में आयोजित इस ‘मिडिएशन’ (मध्यस्थता) सत्र में कुल 35 प्रकरणों पर विस्तार से सुनवाई की गई। इनमें से 08 ऐसे परिवार जो आपसी वैचारिक मतभेदों और कलह के कारण अलग रह रहे थे और एक-दूसरे के साथ रहने को तैयार नहीं थे, उन्हें पुलिस टीम और विशेषज्ञों द्वारा समझा-बुझाकर गिले-शिकवे दूर कराए गए।

हंसी-खुशी विदा हुए जोड़े

काउंसलिंग के बाद पति-पत्नी ने पुरानी बातों को भुलाकर साथ रहने का निर्णय लिया, जिसके बाद उन्हें उपहार और शुभकामनाओं के साथ हंसी-खुशी विदा किया गया। ‘प्रोजेक्ट नई किरण’ का मुख्य उद्देश्य कानूनी कार्रवाई से पहले आपसी संवाद के माध्यम से परिवारों को टूटने से बचाना और उन्हें एक सूत्र में बांधना है।

इस दौरान महिला थाना प्रभारी, पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के अधिकारी और प्रोजेक्ट से जुड़े अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे। महिला दिवस पर पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है।

 

Voice Of News 24