बुलंदशहर की बेटी ने पेश की मिसाल: चपरासी की बेटी शिखा गौतम बनीं IAS, गांव में ढोल-नगाड़ों से हुआ भव्य स्वागत

बुलंदशह

बुलंदशहर जनपद की होनहार बेटी शिखा गौतम ने संघ लोक सेवा आयोग UPSC की परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए आईएएस IAS अधिकारी बनकर जिले का मान बढ़ाया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद की होनहार बेटी शिखा गौतम ने संघ लोक सेवा आयोग UPSC की परीक्षा में सफलता का परचम लहराते हुए आईएएस IAS अधिकारी बनकर जिले का मान बढ़ाया है। अधिकारी बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक घर पहुंचीं शिखा का ग्रामीणों और परिजनों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ किसी उत्सव की तरह भव्य स्वागत किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

शिक्षक बनने का था सपना, बन गईं आईएएस

मीडिया से रूबरू होते हुए शिखा ने अपनी यात्रा साझा की। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उनका लक्ष्य एक शिक्षक बनकर समाज की सेवा करना था। लेकिन पढ़ाई के प्रति उनकी लगन और परिवार के अटूट विश्वास ने उन्हें सिविल सेवा की ओर प्रेरित किया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के त्याग और निरंतर मार्गदर्शन को दिया है।

पिता हैं चपरासी, सीमित संसाधनों में रची सफलता की इबारत

शिखा की यह सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उनके पिता एक साधारण चपरासी के पद पर कार्यरत हैं। संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की शिक्षा में कभी कोई बाधा नहीं आने दी। शिखा ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि लक्ष्य के प्रति सच्ची निष्ठा और कठिन परिश्रम करने का जज्बा हो, तो परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, सफलता कदम चूमती है।

आईएएस शिखा गौतम की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवा एक नई प्रेरणा के रूप में देख रहे हैं। स्वागत समारोह के दौरान गांव के हर व्यक्ति की आंखों में अपनी बेटी के लिए गर्व के आंसू और चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई दी।

 

Voice Of News 24