बुलंदशहर
बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर तहसील के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

बुलंदशहर जनपद के शिकारपुर तहसील के अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मेरठ-बदायूं मार्ग पर बुलंदशहर डिपो की एक रोडवेज बस ने बाइक सवार दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक दुर्घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति और बच्चा घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज दिनांक 5 मार्च 2026 को समय करीब 4:00 बजे, राधा (पत्नी भोला) अपने पति और बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर ग्राम खडवाया (थाना शिकारपुर) से अपनी ससुराल बेलौन जा रही थीं। जैसे ही वे अहमदगढ़ थाने के निकट पहुँचे, डिबाई की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राधा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। मृतका के गांव खडवाया में मौत की खबर पहुँचते ही शोक की लहर दौड़ गई है। घटना की जानकारी मिलने पर अहमदगढ़ थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रोडवेज बस को कब्जे में लेकर घायल पति और बच्चे का उपचार कराया जा रहा है। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।
हापुड़: पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, एक की हालत गंभीरhttps://t.co/N4Vygsx2eq
— Voice of News 24 (@VOfnews24) March 5, 2026






















