औरैया: सगे भाई की हत्या करने वाला कलयुगी भाई गिरफ्तार, शराब के नशे में लाठी-डंडों से पीटकर ली थी जान

औरैया

औरैया जनपद के थाना फफूंद क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।


औरैया जनपद के थाना फफूंद क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपने ही बड़े भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक औरैया, अभिषेक भारती के कड़े रुख और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, फफूंद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

शराब के नशे में हुआ था खूनी संघर्ष

घटनाक्रम के अनुसार, बीती 3 मार्च 2026 को ग्राम कुडियन में पारिवारिक कलह ने तब खौफनाक रूप ले लिया जब घर के छोटे बेटे प्रदीप यादव उर्फ गुड्डू ने शराब के नशे में अपने बड़े भाई लालू पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में लालू गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन जब तक उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जा पाते, तब तक उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस संबंध में उनकी मां (वादिनी मुकदमा) ने फफूंद थाने में अपने ही छोटे बेटे के खिलाफ तहरीर देकर इंसाफ की गुहार लगाई थी।

पुलिस ने सैनपुर प्राइमरी स्कूल के पास से दबोचा

माँ की तहरीर पर पुलिस ने मु0अ0सं0 60/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352 और 105 में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा और क्षेत्राधिकारी अजीतमल के कुशल पर्यवेक्षण में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी की घेराबंदी की। मंगलवार को फफूंद पुलिस ने हत्यारोपी प्रदीप यादव उर्फ गुड्डू (उम्र 36 वर्ष) को सैनपुर प्राइमरी स्कूल के पास से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।

विधिक कार्यवाही और पुलिस टीम

गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस सफल कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष फफूंद अजय कुमार और उप-निरीक्षक राजीव कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध करने वालों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी।

Voice Of News 24