महराजगंज: मुंबई से कमाकर लौट रहे मजदूर की ट्रेन में दर्दनाक मौत, कुशीनगर एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिला शव

बृजमनगंज (महाराजगंज)

महराजगंज जनपद अंतर्गत बृजमनगंज ब्लॉक के ग्राम सभा सौराहा (टोला पिपरहना) निवासी एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।पूरी जानकारी के पढ़िए वाॅयस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश के महराजगंज जनपद अंतर्गत बृजमनगंज ब्लॉक के ग्राम सभा सौराहा (टोला पिपरहना) निवासी एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। मुंबई में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले पंचम (51 वर्ष) की घर लौटते समय रास्ते में ही मृत्यु हो गई।

कुशीनगर एक्सप्रेस में मिला शव

मृतक के छोटे भाई अशोक कनोजिया ने बताया कि पंचम परसों मुंबई से गोरखपुर आने वाली गाड़ी संख्या 22538 (कुशीनगर एक्सप्रेस) के जनरल कोच में सवार होकर घर आ रहे थे। सफर के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी या किसी अन्य कारण से वह अचेत हो गए। जब ट्रेन झांसी पहुँची, तो जीआरपी झांसी (रावेन्द्र कुमार मिश्रा) ने उन्हें मृत अवस्था में पाया।

जीआरपी ने दी परिजनों को सूचना

झांसी जीआरपी पुलिस ने मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों को इस हृदयविदारक घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही गांव और परिवार में कोहराम मच गया। पंचम अपने पीछे दो छोटे बेटों और एक बेटी को छोड़ गए हैं। घर का मुखिया खोने से पूरा परिवार गहरे सदमे में है।

पोस्टमार्टम के बाद घर पहुंचेगा शव

वर्तमान में जीआरपी झांसी द्वारा शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के परिजन शव लेने के लिए झांसी पहुँच चुके हैं। संभावना जताई जा रही है कि रविवार देर रात तक उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पिपरहना पहुँचेगा, जहाँ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

 

Voice Of News 24