पाकिस्तान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की कड़ी चेतावनी: “सर क्रीक पर हिमाकत की तो इतिहास और भूगोल दोनों बदल देंगे”

ब्यूरो रिपोर्ट

विजयादशमी के अवसर पर भुज एयरबेस पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज गुरुवार को सेना के जवानों के साथ शस्त्र पूजा की और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

विजयादशमी के अवसर पर भुज एयरबेस पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज गुरुवार को सेना के जवानों के साथ शस्त्र पूजा की और पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान ने सर क्रीक क्षेत्र में कोई भी हिमाकत की तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि उसका इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे।

“कराची तक पहुंचने का रास्ता जानती है हमारी सेना”
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय सेना 1965 के युद्ध में लाहौर तक पहुंचने का सामर्थ्य दिखा चुकी है और आज भी हमारी सेनाएं कराची तक पहुंचने का रास्ता जानती हैं। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि कराची का एक रास्ता क्रीक से होकर गुजरता है।”

उन्होंने हाल ही में सफल रहे ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए कहा कि पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक तक भारत की डिफेंस प्रणाली को तोड़ने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेना ने जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह नाकाम कर दिया।

राजनाथ सिंह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर से दुनिया को यह संदेश गया है कि भारतीय सेना जब चाहे, जहां चाहे और जैसे चाहे पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा सकती है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत ने यह कार्रवाई केवल आतंकवाद के खिलाफ की थी, हमारा उद्देश्य युद्ध छेड़ना नहीं था, बल्कि कड़ा संदेश देना था।

सर क्रीक विवाद पर पाकिस्तान की नीयत पर सवाल
रक्षा मंत्री ने कहा कि आजादी के 78 साल बाद भी सर क्रीक विवाद बना हुआ है, क्योंकि पाकिस्तान की नीयत साफ नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान ने हाल ही में सर क्रीक के पास अपना सैन्य ढांचा बढ़ाया है।

शस्त्र पूजा के मौके पर रक्षा मंत्री ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हमारे सैनिकों के पास शस्त्र के साथ-साथ अटूट मनोबल भी है। उन्होंने मां दुर्गा से प्रार्थना की कि वे सैनिकों को शक्ति और साहस प्रदान करें ताकि वे अधर्म और आतंकी शक्तियों का नाश करते रहें और राष्ट्र को अजेय बनाए रखें।

 

Voice of News 24