पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने मानेसर में किया ‘नमो वन’ का शिलान्यास, वन्यजीव सप्ताह 2025 शुरू

ब्यूरो रिपोर्ट

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने आज गुरुवार को हरियाणा के मानेसर में ‘नमो वन’ का शिलान्यास किया। इस कार्यक्रम के साथ ही वन्यजीव सप्ताह 2025 के समारोहों की औपचारिक शुरुआत हुई। इस मौके पर हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी मौजूद रहे।

 

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण

कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। इसमें स्कूली बच्चों, वन विभाग के अधिकारियों, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य हितधारकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। समारोह में जंगल और वन्यजीव संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कई व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।

इस बार वन्यजीव सप्ताह का थीम: ‘सेवा पर्व’

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए कहा कि 2 से 8 अक्टूबर तक मनाया जाने वाला वन्यजीव सप्ताह पूरे देश में लोगों को पेड़-पौधों और जीव-जंतुओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का एक अभियान है।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष वन्यजीव सप्ताह का विषय ‘सेवा पर्व’ रखा गया है। इस थीम का उद्देश्य प्रकृति के प्रति सेवा और जिम्मेदारी की भावना को बढ़ावा देना है। इसके जरिए पारिस्थितिकीय संतुलन बनाए रखने और नागरिकों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जा रहा है।

 

 

 

Voice of News 24