महराजगंज:एक दिन की ‘डीएम’ बनकर छात्रा संजीवनी ने सुनीं जनता की समस्याएं,अधिकारियों को दिए निर्देश

महराजगंज

महराजगंज जनपद महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत महराजगंज में एक अनूठी पहल की गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद महिला सशक्तिकरण के लिए चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज-5’ अभियान के तहत महराजगंज में एक अनूठी पहल की गई। पीएम श्री उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनरा की आठवीं कक्षा की छात्रा संजीवनी को एक दिन के लिए जिलाधिकारी  बनाया गया। इस दौरान संजीवनी ने जिलाधिकारी कार्यालय में बैठकर लगभग 15 फरियादियों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

एक दिन की डीएम के पास सबसे ज्यादा मामले भूमि, पुलिस और ग्राम्य विकास से जुड़े आए। फरियादियों में मालती देवी, गौतम कुमार, युगल किशोर और बाल गोविंद चौरसिया जैसे लोग शामिल थे। संजीवनी ने सभी की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और अधिकारियों को तत्काल उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। एक फरियादी द्वारा चुनाव संबंधी विवाद में लगातार धमकी मिलने की शिकायत पर संजीवनी ने सीधे कोतवाल सदर को फोन कर आवश्यक कदम उठाने को कहा।

महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए पहल

जिलाधिकारी श्री संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि ‘मिशन शक्ति 5.0’ अभियान के तहत बेटियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति जागरूक करने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने संजीवनी को जिलाधिकारी के कामकाज और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से समझाया।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ऋद्धि पांडेय ने बताया कि इसी कड़ी में परिषदीय विद्यालयों की छात्राओं को एक दिन की एसपी, सीडीओ और बीएसए भी बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने संजीवनी को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि परिश्रम और लगन से वह अपने सपनों को पूरा कर सकती हैं।

संजीवनी ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि एक दिन की डीएम बनकर उन्हें महसूस हुआ कि जिलाधिकारी का दायित्व कितना विशाल होता है और वे किस तरह से आम जनता की समस्याओं का हल निकालते हैं। उसने कहा कि वह मेहनत कर आईएएस बनना चाहती है ताकि देश और समाज की सेवा कर सके। इस अवसर पर एसडीएम श्री प्रेम प्रकाश पांडेय और बीएसए सुश्री ऋद्धि पांडेय सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

 

Voice Of News 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *