महराजगंज: सिसवा में ‘चक्र’ ब्रांड तेल की नकली फैक्ट्री पर छापा, सील गोदाम भी मिला खुला

महराजगंज

महराजगंज जनपद के सिसवा में प्रतिष्ठित खंडेलवाल एडिबल ऑइल प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर फूड विभाग और कोठीभार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

महराजगंज जनपद के सिसवा में प्रतिष्ठित खंडेलवाल एडिबल ऑइल प्राइवेट लिमिटेड की शिकायत पर फूड विभाग और कोठीभार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कथित नकली सरसों तेल फैक्ट्री पर छापा मारा है। यह छापेमारी सरदार पटेल नगर वार्ड, सबयां उत्तरटोला स्थित मनीष ट्रेडिंग कंपनी की फैक्ट्री में की गई। इस दौरान टीम ने सरसों तेल के नमूने लिए और चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि 2023 में सील किया गया गोदाम खुला मिला।

ब्रांड के दुरुपयोग का गंभीर मामला

खंडेलवाल एडिबल ऑइल के जनरल मैनेजर स्वतंत्र कुमार यादव ने बताया कि उनकी कंपनी 2013 से रजिस्टर्ड है और उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार सहित कई राज्यों में ‘चक्र’ ब्रांड के नाम से गुणवत्तापूर्ण सरसों तेल बेचती है। उनकी शिकायत के अनुसार, सिसवा बाजार के सबया में स्थित जायसवाल ऑयल प्रोडक्ट्स के मालिक मनीष जायसवाल उनकी कंपनी के ब्रांड की नकल कर रहे हैं। मनीष जायसवाल पर आरोप है कि वे ‘चक्र’ ब्रांड के लेबल और आर्टवर्क की हूबहू नकल करके मिलते-जुलते नाम से घटिया गुणवत्ता का तेल बाजार में बेच रहे हैं, जिससे उपभोक्ताओं को धोखा दिया जा रहा है और कंपनी की साख को नुकसान पहुँच रहा है।

सील तोड़कर माल बेचने का आरोप, कानून का उल्लंघन

छापेमारी के दौरान, फूड विभाग और पुलिस की टीम ने पाया कि जिस गोदाम को 2023 में सील किया गया था, वह बिना किसी कानूनी अनुमति या कोर्ट नोटिस के खुला हुआ था। खंडेलवाल एडिबल के जनरल मैनेजर ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे कानून का घोर उल्लंघन बताया। उन्होंने कहा कि ट्रेडमार्क एक्ट 1999 और कॉपीराइट एक्ट 1957 के तहत किसी भी कंपनी को किसी दूसरी कंपनी के लेबल या आर्टवर्क की नकल करने का अधिकार नहीं है।

इस पूरी कार्रवाई के दौरान कोठीभार थाने के उपनिरीक्षक रोहित यादव अपनी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। अब पुलिस और फूड विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि गोदाम की सील कैसे तोड़ी गई और क्या खुले हुए गोदाम से भी नकली तेल का उत्पादन या वितरण किया जा रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे कड़ी कार्रवाई की उम्मीद है।

 

Voice Of News 24