सिद्धार्थनगर : एसओजी एवं मोहाना पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी,10 मोटरसाइकिल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार, करीब ₹9 लाख आंकी जा रही बरामद बाइक की कीमत

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर में SOG और मोहाना पुलिस का बड़ा एक्शन देखने को मिला है। करीब ₹9 लाख की 10 बाइक के साथ 3 शातिर चोर गिरफ्तार हुए हैं। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर पुलिस ने अपराध के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एसओजी और मोहाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश हुआ तथा तीन कुख्यात चोरों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने इनकी निशानदेही पर लगभग ₹9 लाख की अनुमानित कीमत की 10 चोरी की हुई मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 संवादाता को मिली जानकारी अनुसार, यह गिरोह चोरी की गाड़ियों को पड़ोसी देश नेपाल में बेचने का धंधा करता था और वारदात को अंजाम देने के लिए मास्टर चाभी का इस्तेमाल करता था।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ अभिषेक महाजन ने बताया कि मोहाना थाना क्षेत्र के सड्डा तिराहा के पास चेकिंग के दौरान इन तीनों शातिर चोरों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पुलिस को यह जानकारी मिली थी कि चोर चोरी की मोटरसाइकिलों को नेपाल बॉर्डर पार ले जाने की फिराक में हैं, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में से सुधाकर हरिजन (नेपाल निवासी) शामिल है। यह गिरोह का मुख्य सदस्य है और नेपाल में उसके खिलाफ 4 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें वह पहले भी जेल जा चुका है।
दूसरा राजेश वर्मा, जो गढ़मोर, थाना मोहाना क्षेत्र का है। यह व्यक्ति आबकारी अधिनियम और चोरी के मामलों में पूर्व में भी शामिल रहा है।
तीसरा अजय सोनकर गोपीजोत, थाना मोहाना का निवासी है। इस पर NDPS (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट), गैंगरेप, और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से चोरी की 10 मोटरसाइकिलों के अलावा ₹6200 नेपाली रुपये नकद और एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद मोटरसाइकिलों में बुलेट, अपाचे, स्प्लेंडर, ग्लैमर, पैशन प्रो, डिस्कवर, प्लैटिना जैसी विभिन्न कंपनियों की बाइक शामिल हैं।

इस कार्रवाई से विभिन्न थानों में दर्ज 7 चोरी के मुकदमों का अनावरण हुआ है। बरामद की गई मोटरसाइकिलें मोहाना, ढेबरुआ, बाँसी और लोटन थानों में दर्ज चोरी के मामलों से संबंधित थीं।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने इस सराहनीय कार्य के लिए संबंधित पुलिस टीम को ₹20,000 के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

 

 

 

Voice Of News 24