सिद्धार्थनगर: शादी के 19 दिन बाद दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक ने ली युवक की जान

सिद्धार्थनगर

सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज में कल शुक्रवार रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय अखिलेश निषाद की मौत हो गई।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट

सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज में कल शुक्रवार रात एक हृदयविदारक सड़क दुर्घटना में 25 वर्षीय अखिलेश निषाद की मौत हो गई। यह दुखद घटना रुधौली क्षेत्र के पटवारिया चौराहे के समीप घटी।

अखिलेश अपनी भांजी को धौरहरा छोड़कर मोटरसाइकिल से वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

अखिलेश का विवाह बीते 12 मई को ही संपन्न हुआ था और वह डुमरियागंज नगर पंचायत के हबीबुल्लाह नगर वार्ड नंबर 12 के निवासी थे। अपने चार भाइयों में वह सबसे छोटे थे और मुंबई में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।

अखिलेश की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही उनकी नवविवाहित पत्नी तक पहुंची, उन्होंने गहरे सदमे में कमरे के अंदर खुद को समाप्त करने का प्रयास किया। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए दरवाजा तोड़कर उन्हें बचा लिया, जिससे एक और बड़ी त्रासदी टल गई।

फिलहाल, पुलिस ने मृतक अखिलेश के शव को पोस्टमार्टम के लिए बस्ती भेज दिया है। इस दुखद घटना से पूरे परिवार में मातम का माहौल है। अखिलेश की मां और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और हर कोई इस नवविवाहित जोड़े के दुर्भाग्य पर शोक व्यक्त कर रहा है।

 

Voice Of News 24