महराजगंज

महराजगंज जनपद के सिंदुरिया ग्राम सभा में रोटी-चटनी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने के मामले को खाद्य सुरक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के सिंदुरिया ग्राम सभा में रोटी-चटनी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ने के मामले को खाद्य सुरक्षा विभाग ने गंभीरता से लिया है। घटना की जानकारी मिलते ही विभाग की टीम ने रविवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की और संदिग्ध आटे का नमूना लैब में जांच के लिए भेजा।
रात में भोजन के बाद बिगड़ी हालत
सिंदुरिया निवासी किसान विनोद, उनकी पत्नी हीरमती और पुत्र रंजीत ने शुक्रवार की रात घर में बनी आटे की मोटी रोटी और चटनी खाई थी। भोजन के कुछ ही देर बाद तीनों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की गंभीर शिकायत होने लगी। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने फूड प्वाइजनिंग की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर तीनों को गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। परिवार के अन्य सदस्यों ने यह रोटी नहीं खाई थी, जिससे वे सुरक्षित रहे।
गांव के ही एक व्यक्ति ने दिया था आटा
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम गांव का ही एक व्यक्ति उनके घर आटा देकर गया था, जिससे रात में भोजन तैयार किया गया था। घटना के बाद परिजनों ने बचा हुआ लगभग एक किलोग्राम आटा सुरक्षित रख लिया था।
रसोई की जांच, लैब भेजा गया सैंपल
प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंकित सिंह और हंसराज प्रसाद की टीम ने पीड़ित के घर पहुंचकर रसोई का मुआयना किया। टीम ने बचे हुए आटे का भौतिक परीक्षण करने के बाद उसका सर्विलांस नमूना सील कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को खाद्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध खाद्य पदार्थ का सेवन न करने की सलाह दी।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
के.के. उपाध्याय, प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, महराजगंज ने बताया की आटे का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी। यदि आटे में मिलावट या किसी हानिकारक तत्व की पुष्टि होती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में पुलिस का एक संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया है। भीषण धूप और भारी ट्रैफिक जाम के बीच फंसी एक बीमार बुजुर्ग महिला की मदद के लिए एसपी सिटी रणविजय सिंह खुद आगे आए। pic.twitter.com/dDIAIGawo5
— Voice of News 24 (@VOfnews24) August 24, 2026






















