महराजगंज
महराजगंज जनपद महराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज़ 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद महराजगंज के जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने निचलौल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। औचक निरीक्षण से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न वार्डों, दवाओं की उपलब्धता, पैथोलॉजी लैब और अस्पताल परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों का बारीकी से जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को उत्कृष्ट बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रसूता वार्ड का निरीक्षण कर देखीं मरीजों की फाइलें
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने अस्पताल के 30 शैय्या वाले नवनिर्मित प्रसूता वार्ड का विशेष रूप से मुआयना किया। उन्होंने वहां भर्ती प्रसूताओं और मरीजों की केस फाइलों को खुद चेक किया। डीएम ने डॉक्टरों से प्रसव (डिलीवरी) की संख्या, नवजात शिशुओं की देखभाल और अस्पताल में मिलने वाली अन्य आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
मरीजों और तीमारदारों से लिया फीडबैक, पूछा- बाहर की दवा तो नहीं लिखी?
जिलाधिकारी ने वार्डों में भर्ती मरीजों और उनके साथ आए तीमारदारों के बेड के पास जाकर उनसे सीधा संवाद किया। उन्होंने मरीजों से पूछा कि अस्पताल में उन्हें इलाज सही मिल रहा है या नहीं, डॉक्टर समय पर आते हैं या नहीं और अस्पताल प्रशासन की तरफ से मुफ्त दवाइयां मिल रही हैं या उन्हें बाहर से दवा खरीदनी पड़ रही है। डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि सरकार द्वारा संचालित सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल के अंदर से ही मरीजों को उपलब्ध होनी चाहिए।
परिसर में गंदगी देख बिफरे डीएम, नगर पंचायत को दिए निर्देश
अस्पताल परिसर के निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने मौके पर मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में नियमित और बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों के साथ-साथ नगर पंचायत निचलौल को भी कड़े निर्देश जारी किए कि अस्पताल के आसपास और भीतर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
लापरवाही पर मिलेगी कड़ी सजा: जिलाधिकारी
निरीक्षण के अंत में मीडिया और अधीनस्थ अधिकारियों से बात करते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने स्पष्ट किया:
“गरीबों और आम जनता को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासकीय कार्यों और मरीजों के इलाज में किसी भी स्तर पर हीलाहवाली या लापरवाही को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में कोई कमी पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
इस औचक निरीक्षण के दौरान निचलौल सीएचसी के अधीक्षक, प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित राजस्व और स्वास्थ्य विभाग के तमाम जिम्मेदार अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
बलिया: रेवती कांड पर गरमाई राजनीति, सपा ने पीड़ित परिवार के लिए की ₹1 करोड़ व सरकारी नौकरी की मांग; आरोपी पक्ष ने CCTV फुटेज जारी कर दी बेगुनाही की दलीलhttps://t.co/JYJP6QeI80
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 18, 2026













