महराजगंज: थानाध्यक्ष के खिलाफ पत्रकारों का फूटा गुस्सा, कार्रवाई के लिए SP दफ्तर के बाहर धरने पर बैठे पत्रकार

महराजगंज

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी थाना प्रभारी अमित सिंह द्वारा एक स्थानीय पत्रकार के साथ कथित रूप से अमर्यादित व अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला अब पूरी तरह से गरमा गया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के ठूठीबारी थाना प्रभारी अमित सिंह द्वारा एक स्थानीय पत्रकार के साथ कथित रूप से अमर्यादित व अभद्र व्यवहार किए जाने का मामला अब पूरी तरह से गरमा गया है। इस दुर्व्यवहार और पत्रकार उत्पीड़न के विरोध में मंगलवार को ‘जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब’ महराजगंज के पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान एसपी कार्यालय के गेट पर रोकने जाने से नाराज पत्रकार परिसर में ही जमीन पर धरने पर बैठ गए, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

गेट पर रोके जाने पर फर्श पर बैठे पत्रकार, मची हलचल

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जब जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पदाधिकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, तो वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें गेट पर ही यह कहते हुए रोक दिया कि “जब साहब फ्री होंगे, तभी मुलाकात होगी।” इस बात से नाराज और आक्रोशित होकर संगठन के जिलाध्यक्ष अजय श्रीवास्तव अपने साथी पत्रकारों के साथ एसपी कार्यालय के बाहर फर्श पर ही धरने की मुद्रा में बैठ गए। पत्रकारों के इस कड़े रुख को देखकर मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई।

एसपी ने दिया निष्पक्ष जांच और 1 हफ्ते में कार्रवाई का भरोसा

मामले की गंभीरता और बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल संगठन के पदाधिकारियों को अपने चैंबर में बुलाया और उनकी पूरी बात बेहद गंभीरता से सुनी। पत्रकार उत्पीड़न के इस संवेदनशील प्रकरण पर विस्तृत चर्चा के बाद, एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच नौतनवा क्षेत्राधिकारी को सौंप दी। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

थानाध्यक्ष के बर्ताव से आहत पत्रकार ने किया था आत्मदाह का प्रयास

सौपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि ठूठीबारी थाना क्षेत्र के पत्रकार दिनेश रौनियार के साथ एक भूमि विवाद के मामले में थानाध्यक्ष अमित सिंह द्वारा फोन पर बेहद अमर्यादित और अभद्र व्यवहार किया गया था। आरोप है कि इस बदसलूकी और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर पीड़ित पत्रकार ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास भी किया था, जिसका एक दर्दनाक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

स्थानांतरण के बावजूद जिले में जमे हैं थानाध्यक्ष, पहले भी वायरल हुए वीडियो

जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि ठूठीबारी थाना प्रभारी अमित सिंह का गैर जनपद में स्थानांतरण काफी समय पहले हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह सांठगांठ के चलते महराजगंज जिले में ही जमे हुए हैं। संगठन ने दावा किया कि इससे पहले भी फरियादियों और आम जनता के साथ थानाध्यक्ष द्वारा की गई गाली-गलौज और बदसलूकी के कई वीडियो सोशल मीडिया पर आ चुके हैं, लेकिन प्रशासनिक ढील के कारण उनके खिलाफ अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

सरकार के आदेशों को ठेंगा दिखा रही खाकी

पत्रकारों ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार पुलिस के उच्चाधिकारियों को निर्देश देती आ रही है कि वे फरियादियों और जनता के साथ संवेदनशील, पारदर्शी और सम्मानजनक व्यवहार करें। इसके बावजूद जनपद में पुलिसकर्मियों द्वारा दुर्व्यवहार और पत्रकारों के उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की सुरक्षा के लिहाज से बेहद चिंताजनक हैं। संगठन ने दो टूक मांग की है कि जांच पूरी कर दोषी थाना प्रभारी के खिलाफ तत्काल कठोर विभागीय और कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि पुलिस की साख बची रहे।

Voice Of News 24 

 

This error message is only visible to WordPress admins

Error: No feed found with the ID 1.

Go to the All Feeds page and select an ID from an existing feed.