सिद्धार्थनगर
जनपद के कोतवाली लोटन क्षेत्र अंतर्गत कूड़ा नदी के किनारे मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब नदी के तट पर एक विशालकाय मगरमच्छ आराम करता हुआ दिखाई दिया। नदी किनारे मगरमच्छ होने की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई, जिसके बाद इसे देखने के लिए स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
किनारे पर धूप सेकता दिखा मगरमच्छ
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह जब कुछ पशुपालक और ग्रामीण नदी की तरफ गए, तो उन्होंने किनारे पर मगरमच्छ को बैठे देखा। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मगरमच्छ काफी समय तक नदी के किनारे ही आराम करता रहा और समाचार लिखे जाने तक वह पानी में वापस नहीं गया था।
इलाके में दहशत, वन विभाग से गुहार
नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी से तटवर्ती इलाकों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों से अपील की जा रही है कि वे नदी के किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं और पूरी तरह सतर्कता बरतें। स्थानीय जनता ने जिम्मेदार विभाग व प्रशासन से मांग की है कि रेस्क्यू टीम को मौके पर भेजकर मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ा जाए और उसे किसी उचित व सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए, ताकि कोई अनहोनी न हो।













