परतावल
महराजगंज जनपद के परतावल विकास खंड में नियमों को ताक पर रखकर ब्लॉक तकनीकी सहायक से ग्राम पंचायतों का कार्य कराए जाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है।पूरी जानकारी के लिए पढ़िए वाॅइस ऑफ़ न्यूज 24 की खास रिपोर्ट।

महराजगंज जनपद के परतावल विकास खंड में नियमों को ताक पर रखकर ब्लॉक तकनीकी सहायक से ग्राम पंचायतों का कार्य कराए जाने का एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। जबकि तय शासनादेश और नियमावली के अनुसार, बीटीए का दायित्व केवल क्षेत्र पंचायत से संबंधित विकास कार्यों तक ही सीमित होता है। ग्राम पंचायतों के समस्त तकनीकी कार्यों को संपादित करने का वैधानिक प्रावधान केवल तकनीकी सहायक (TA) के पास है।
मंगलपुर न्याय पंचायत की 8 ग्राम पंचायतों का मामला
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ब्लॉक स्तर से अजय कुमार (BTA) को मंगलपुर न्याय पंचायत के अंतर्गत आने वाली कुल आठ ग्राम पंचायतों का जिम्मा सौंप दिया गया है। इन ग्राम पंचायतों में शामिल हैं मंगलपुर, मोहनापुर, उंटी, सुमेरगढ़ ,बरगदवा, महदेवा उर्फ बलुवाभार, राजपुर एवं राजपुर खास
इन सभी आठ ग्राम पंचायतों में नियमों के विपरीत जाकर उनसे तकनीकी एवं प्रशासनिक कार्य कराए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर प्रशासनिक व्यवस्था और मनरेगा गाइडलाइंस का उल्लंघन माना जा रहा है।
डीसी मनरेगा का बड़ा बयान: खंड विकास अधिकारी से मांगी जाएगी रिपोर्ट
इस गंभीर प्रशासनिक चूक और नियम विरुद्ध कार्यप्रणाली को लेकर जब डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह से बात की गई, तो उन्होंने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। डीसी मनरेगा ने दो टूक शब्दों में कहा:
“यदि परतावल ब्लॉक में बीटीए (ब्लॉक तकनीकी सहायक) से ग्राम पंचायतों का कार्य कराया जा रहा है, तो यह पूरी तरह से नियम विरुद्ध और अवैध है। इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी और संबंधित खंड विकास अधिकारी (BDO) से इस संबंध में पूरी रिपोर्ट और स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।”
उन्होंने आगे यह भी आश्वस्त किया कि यदि परतावल ब्लॉक में तकनीकी सहायकों (TA) की कमी है, तो व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दूसरे विकास खंडों से तकनीकी सहायकों की तत्काल तैनाती कराई जाएगी, लेकिन नियमों से कोई समझौता नहीं होगा।
ब्लॉक मुख्यालय पर चर्चाओं का बाजार गर्म
इस मनमानी कार्यप्रणाली के उजागर होने के बाद परतावल ब्लॉक मुख्यालय पर चर्चाओं का बाजार बेहद गर्म है। अब देखना यह होगा कि डीसी मनरेगा की इस घोषणा के बाद जांच की आंच कहाँ तक पहुंचती है, किस आधार पर बीटीए को यह जिम्मेदारी दी गई और इस नियम विरुद्ध खेल के पीछे असली जिम्मेदार कौन है।
बुलंदशहर में पुलिस मुठभेड़: स्कूल में चोरी करने वाला शातिर बदमाश पिंकल गोली लगने से घायल, अवैध तमंचा व चोरी का माल बरामदhttps://t.co/kLWfHpz7Fv
— Voice of News 24 (@VOfnews24) July 3, 2026













